मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान ने भारतीय टीम में लगातार नजरअंदाज किए जाने पर अपनी निराशा जाहिर की है. रणजी ट्रॉफी में रेलवे के खिलाफ मैच के पहले दिन 55 रन बनाने के बाद उन्होंने अपने संघर्ष, चयन और टीम इंडिया में वापसी की कोशिशों पर बात की.

सरफराज ने कहा कि कई बार सुबह उठने पर उनके मन में यह सवाल आता है कि वह इतनी मेहनत क्यों करें और बार-बार उसी प्रक्रिया से क्यों गुजरें. उन्होंने बताया कि वह सुबह करीब 5 बजे अभ्यास के लिए निकलते हैं. हालांकि, अपने पिता नौशाद को उनके लिए लगातार मेहनत करते देखकर उन्हें फिर से रन बनाने की प्रेरणा मिलती है.

पिता के संघर्ष को बताया प्रेरणा

सरफराज और उनके छोटे भाई मुशीर खान को उनके पिता नौशाद लंबे समय से क्रिकेट का प्रशिक्षण दे रहे हैं. सरफराज के मुताबिक, आजाद मैदान या क्रॉस मैदान में सुबह करीब 6 बजे पहुंचने पर उनके पिता मिल जाएंगे. उन्होंने कहा कि पिता का संघर्ष उन्हें मैदान पर बने रहने की ताकत देता है.

सरफराज ने फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था. वह अब तक छह टेस्ट में 37.10 की औसत से 371 रन बना चुके हैं. उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु में अक्टूबर 2024 में बनाया गया 150 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है. नवंबर 2024 में मुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला गया मुकाबला उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच रहा.

इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल थे, लेकिन किसी टेस्ट में खेलने का अवसर नहीं मिला. अगस्त 2026 में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए उन्हें साई सुदर्शन के विकल्प के रूप में टीम में जोड़ा गया था, लेकिन दोनों मैचों की प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली.

विदेशी प्रदर्शन का भी दिया हवाला

सरफराज ने कहा कि उन्हें बताया गया था कि भारतीय परिस्थितियों में उन्हें अधिक मौके मिल सकते हैं. इसके बावजूद उन्होंने विदेशी परिस्थितियों में बनाए रनों का हवाला देते हुए चयन को लेकर सवाल उठाया. उनके अनुसार, दिसंबर 2023 में प्रिटोरिया में इंडिया ए के इंट्रा-स्क्वॉड मैच में उन्होंने 61 गेंदों पर शतक लगाया था. जून 2025 में इंग्लैंड दौरे की तैयारी के दौरान बेकनहैम में उन्होंने 76 गेंदों पर 101 रन बनाए.

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पुणे और मुंबई टेस्ट की आखिरी चार पारियों में उनके स्कोर 11, 9, 0 और 1 रहे थे. रेलवे के खिलाफ रणजी मैच में मुंबई ने पहले दिन छह विकेट पर 247 रन बनाए. अंगकृष रघुवंशी ने 78 और सिद्धेश लाड ने 47 रन बनाए.