राजस्थान हाईकोर्ट ने रणजी क्रिकेटर शिवालिक शर्मा के खिलाफ उनकी पूर्व मंगेतर की ओर से दर्ज दुष्कर्म की FIR और उससे जुड़ी आपराधिक कार्यवाही रद्द कर दी है. शिवालिक शर्मा IPL-2024 में मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा रहे थे. अदालत के आदेश से उन्हें इस मामले में कानूनी राहत मिली है.
यह मामला राजस्थान के जोधपुर स्थित कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड पुलिस थाने में दर्ज शिकायत से जुड़ा था. शिकायत के अनुसार, वर्ष 2023 में युवती की शिवालिक शर्मा से मुलाकात हुई थी. दोनों के बीच बातचीत आगे बढ़कर संबंध में बदली और अगस्त 2023 में दोनों परिवारों की सहमति से सगाई हुई. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सगाई के बाद शारीरिक संबंध बने और बाद में मतभेदों के चलते सगाई टूटने पर शादी का आश्वासन देकर संबंध बनाने का आरोप लगाया गया.
सुनवाई के दौरान शिवालिक शर्मा की ओर से दलील दी गई कि दोनों वयस्क, शिक्षित और समझदार थे तथा संबंध आपसी सहमति से बने थे. यह भी कहा गया कि मतभेदों के बाद लंबे समय तक दोनों के बीच WhatsApp पर सामान्य बातचीत और आर्थिक लेन-देन जारी रहा. इन परिस्थितियों के आधार पर बचाव पक्ष ने शादी का झूठा आश्वासन देकर संबंध बनाने के आरोप को निराधार बताया.
अदालत ने अपने अवलोकन में कहा कि यदि वयस्क व्यक्तियों के बीच परिवारों की सहमति से सगाई हुई हो और शारीरिक संबंध आपसी सहमति से बने हों, तो बाद में संबंध बिगड़ने या सगाई टूटने मात्र से दुष्कर्म का अपराध नहीं बनता. इसी आधार पर हाईकोर्ट ने FIR और उससे संबंधित पूरी कार्यवाही रद्द करने का आदेश दिया.
शिवालिक शर्मा ने 2018-19 में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में पदार्पण किया था. वह रणजी ट्रॉफी में वडोदरा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और 2024 की IPL नीलामी में मुंबई इंडियंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था.
