भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी और IAS अधिकारी सुहास लालिनाकेरे यथिराज ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीता है. जापान के आइची-नागोया में पुरुष सिंगल्स SL4 के सेमीफाइनल में उन्हें इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा.
तीन गेम तक चले मुकाबले में सेतियावान ने सुहास को 23-21, 8-21, 21-15 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. सेमीफाइनल में हार के बावजूद सुहास को कांस्य पदक मिला.
पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर हुई, लेकिन सुहास 21-23 से पिछड़ गए. उन्होंने दूसरे गेम में शानदार वापसी करते हुए 21-8 से जीत दर्ज की और मुकाबले को निर्णायक तीसरे गेम तक पहुंचाया.
तीसरे गेम की शुरुआत में स्कोर बराबरी पर रहा और 11 अंकों तक दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. इसके बाद सेतियावान ने बढ़त बनाई और 21-15 से गेम जीतकर मैच अपने नाम कर लिया.
सुहास उत्तर प्रदेश कैडर के 2007 बैच के IAS अधिकारी हैं. वह गौतम बुद्ध नगर और प्रयागराज के जिलाधिकारी के रूप में भी काम कर चुके हैं. पेशे से इंजीनियर सुहास ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, सुरथकल से पढ़ाई की है.
खेलों में सुहास ने 2018 में नेशनल पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक जीता था. वह अर्जुन पुरस्कार पाने वाले IAS अधिकारियों में भी शामिल हैं. इससे पहले वह टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 पैरालंपिक में पुरुष सिंगल्स SL4 वर्ग में रजत पदक जीत चुके हैं.
