भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव ने स्वीकार किया है कि टी20 विश्व कप जीतने के बाद टीम इंडिया से बाहर होना उनके लिए बेहद कठिन दौर था. मुंबई में आयोजित ‘टी20 मुंबई लीग सेलिब्रेटिंग द चैम्पियंस’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इस सच्चाई से भागना सही नहीं होगा और खुद के प्रति ईमानदार रहना जरूरी है.
सूर्यकुमार ने 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप फाइनल में भारत के लिए अपना आखिरी मुकाबला खेला था. वह उस मैच में पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए थे. इसके बाद खराब फॉर्म के चलते उन्हें भारतीय टीम से बाहर होना पड़ा. उन्होंने बताया कि विश्व कप जीतने के बाद शुरुआती करीब दो महीने उनके लिए मानसिक और भावनात्मक रूप से काफी मुश्किल रहे.
बेटी के जन्म से बदला ध्यान
सूर्यकुमार के मुताबिक, आईपीएल के दौरान मई में उनके घर बेटी का जन्म हुआ. उन्होंने कहा कि इस खुशी ने उनका ध्यान क्रिकेट से जुड़ी निराशा और टीम से बाहर होने के दर्द से हटाया. उनके अनुसार, बेटी के जन्म के बाद के कुछ महीने बेहद खूबसूरत रहे और उन्हें मुश्किल समय से उबरने में मदद मिली.
इसके बाद उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद किया. उन्होंने पत्नी देविशा शेट्टी से भविष्य को लेकर बातचीत की. सूर्यकुमार के मुताबिक, देविशा ने उन्हें सलाह दी कि उन्हें 15 साल की उम्र में क्रिकेट के प्रति जो प्यार और जुनून था, उसे फिर से हासिल करना चाहिए. उस समय उनका लक्ष्य मुंबई की अंडर-15 टीम में जगह बनाना था.
सूर्यकुमार ने कहा कि अब वह 10-15 साल पहले जैसी ट्रेनिंग कर रहे हैं और खेल का आनंद लेने की कोशिश कर रहे हैं. उनका मौजूदा लक्ष्य मुंबई के लिए मैच जीतना और टीम को चैंपियन बनाना है.
रणजी चयन और युवा खिलाड़ियों पर सलाह
सूर्यकुमार ने रणजी ट्रॉफी के पहले चरण में मुंबई की टीम में जगह नहीं मिलने पर भी निराशा जताई. उन्होंने बताया कि उन्होंने चयन से पहले अपनी उपलब्धता बताई थी, लेकिन ऑफ-सीजन तैयारियों में शामिल नहीं हो पाने के कारण उन्हें टीम में नहीं चुना गया.
अब वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी करेंगे. उन्होंने युवा खिलाड़ियों से कहा कि आईपीएल को पहला लक्ष्य बनाने के बजाय पहले मुंबई और फिर भारत के लिए खेलने का सपना देखना चाहिए. घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन के बाद ही बड़े अवसरों का रास्ता खुलता है.
