भारत की तानिया ने डकार 2026 यूथ ओलंपिक में बीच रेसलिंग का पदक जीतकर इतिहास रच दिया. वह इस वैश्विक युवा प्रतियोगिता में बीच रेसलिंग पदक जीतने वाली पहली भारतीय पहलवान बन गईं. महिला 75 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में उन्हें चीन की मिन झाओ के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा और रजत पदक से संतोष करना पड़ा.
बीच रेसलिंग की यूथ ओलंपिक में यह पहली उपस्थिति थी. फाइनल जीतकर झाओ ने इस स्पर्धा का पहला यूथ ओलंपिक स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इससे पहले वह 2025 अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में महिला 69 किलोग्राम वर्ग की स्वर्ण पदक विजेता रही थीं.
ग्रुप चरण से फाइनल तक का सफर
तानिया ने प्रतियोगिता की शुरुआत जर्मनी की मिया बाउर पर 3-1 की जीत से की. इसके बाद उन्होंने ग्रीस की वासिलिकी करवानाउ को 3-0 और एस्टोनिया की मेरिली वाएस्टर को 4-1 से हराया. लगातार तीन जीत के साथ उन्होंने अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में जगह बनाई.
सेमीफाइनल में तानिया का सामना अमेरिका की माटिल्डा एन ह्रुबी से हुआ. ह्रुबी अगस्त में बाकू में अंडर-17 बीच रेसलिंग विश्व चैंपियनशिप के 75 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीत चुकी थीं और प्रतियोगिता में अपने सभी पांच मुकाबले फॉल से जीतकर आई थीं. तानिया ने उन्हें 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. उन्होंने डकार में चार जीत और एक हार के साथ अपना अभियान पूरा किया.
तानिया 2026 अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भी पदक जीत चुकी हैं. वहां उन्होंने महिला 69 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में पोलैंड की माजा वेजचान को 12-2 से हराया था.
भारत की पदक संख्या सात हुई
तानिया के रजत से डकार यूथ ओलंपिक में भारत की पदक संख्या सात हो गई, जिसमें तीन रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं. इससे पहले भारत को चार खेलों में छह पदक मिले थे. जूडो में खुुशबू दरजादा ने महिला 63 किलोग्राम वर्ग में रजत और बैडमिंटन में तानवी पत्री ने महिला एकल का रजत पदक जीता.
तैराकी में धिनिधि देसिंघु ने 100 और 200 मीटर फ्रीस्टाइल में कांस्य पदक जीते, जबकि तीर्थ पेगु ने पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई में कांस्य हासिल किया. वुशु में राजकुमारी लानचेनबी चानू ने महिला चांगक्वान कंबाइंड स्पर्धा का कांस्य पदक जीता.
