एशियन गेम्स शुरू होने से कुछ दिन पहले भारतीय एथलेटिक्स को बड़ी बढ़त मिली है. उत्तर प्रदेश की तान्या चौधरी ने गुरुवार को इंडियन एथलेटिक्स सीरीज फाइनल में महिलाओं की हथौड़ा फेंक स्पर्धा का राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने 68.35 मीटर की दूरी दर्ज की.

तान्या ने अपनी ही राज्य की खिलाड़ी अनुष्का यादव का 67.02 मीटर का पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड पीछे छोड़ा. अनुष्का ने जून में यह रिकॉर्ड बनाया था. सीरीज फाइनल में अनुष्का 66.34 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ दूसरे स्थान पर रहीं. जीत के लिए तान्या को 1 लाख रुपये, जबकि अनुष्का को 50 हजार रुपये मिले.

पिछले प्रदर्शन से बड़ा सुधार

तान्या का नया रिकॉर्ड 2022 में हांगझोउ एशियन गेम्स में उनके प्रदर्शन से काफी बेहतर है. उस प्रतियोगिता में वह 60.50 मीटर के थ्रो के साथ सातवें स्थान पर रही थीं. उनका नया 68.35 मीटर का प्रदर्शन हांगझोउ में कांस्य पदक जीतने वाली दक्षिण कोरिया की किम ताए-हुई के 64.14 मीटर के प्रयास से भी आगे है.

तान्या और अनुष्का दोनों जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय दल का हिस्सा हैं. प्रतियोगिता 19 सितंबर से शुरू होनी है. ऐसे में यह रिकॉर्ड तान्या को आगामी मुकाबले से पहले आत्मविश्वास और लय दे सकता है.

एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने पहले एथलेटिक्स के लिए 77 सदस्यीय टीम घोषित की थी, जिसमें 34 पुरुष और 43 महिला खिलाड़ी थे. बाद में इसे बढ़ाकर 79 किया गया. भारत का कुल एशियन गेम्स दल भी सर्फिंग को शामिल किए जाने के बाद 36 खेलों में 503 खिलाड़ियों का हो गया है. एथलेटिक्स दल में नीरज चोपड़ा चोट के कारण शामिल नहीं हैं.