भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा ने पाकिस्तान ए के खिलाफ एशिया कप Rising Stars टूर्नामेंट के ग्रुप बी मुकाबले में शतक तो लगाया, लेकिन उनकी धीमी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी. तिलक ने 148 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. यह List A क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे धीमा शतक है. इस सूची में उनसे आगे पूर्व भारतीय बल्लेबाज मनोज प्रभाकर हैं, जिन्होंने 151 गेंदों में शतक बनाया था.

पाकिस्तान ए ने भारत ए के सामने 314 रन का लक्ष्य रखा था. जवाब में भारत ए की टीम 49.1 ओवर में 265 रन पर सिमट गई और 48 रन से मुकाबला हार गई.

अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दी

लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी की. उन्होंने 42 गेंदों पर 70 रन बनाए, जिसमें छह चौके और छह छक्के शामिल थे. इसके विपरीत तिलक शुरुआत में रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे. अभिषेक जब 34 गेंदों पर 60 रन बना चुके थे, तब तिलक के खाते में उसी संख्या की गेंदों पर केवल छह रन थे.

तिलक ने अपना अर्धशतक 95 गेंदों में पूरा किया. उनकी धीमी शुरुआत के कारण भारत ए पर जरूरी रनरेट का दबाव बढ़ता गया. अभिषेक के आउट होने के बाद टीम के बाकी बल्लेबाज इस गति को बनाए नहीं रख सके.

पारी के अंतिम हिस्से में तिलक ने कुछ बाउंड्री लगाईं और शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 112 रन जोड़े. शाहबाज ने 41 गेंदों पर 56 रन बनाए, लेकिन 43वें ओवर में उनके आउट होने के बाद भारत ए की मुश्किलें बढ़ गईं. तिलक का शतक पूरा होने के बावजूद भारत ए लक्ष्य से 48 रन दूर रह गया.