ICC अंडर-19 महिला T20 विश्व कप 2027 का आयोजन 21 जनवरी से 6 फरवरी तक बांग्लादेश और नेपाल की सह-मेजबानी में होगा. ICC की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक भारत अपने अभियान की शुरुआत 22 जनवरी को नेपाल के कीर्तिपुर स्थित TU International Cricket Stadium में वेस्टइंडीज के खिलाफ करेगा.
भारत को ग्रुप A में आयरलैंड, वेस्टइंडीज और मेजबान नेपाल के साथ रखा गया है. भारतीय टीम 24 जनवरी को नेपाल और 26 जनवरी को आयरलैंड से भिड़ेगी. नेपाल का टूर्नामेंट में पहला मैच भी 22 जनवरी को आयरलैंड के खिलाफ कीर्तिपुर में होगा.
भारत ने इस प्रतियोगिता के शुरुआती दोनों संस्करण जीते हैं. टीम ने 2023 में दक्षिण अफ्रीका में हुए उद्घाटन संस्करण का खिताब जीता था और 2025 में मलेशिया में ट्रॉफी बरकरार रखी. 2025 के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराया था. अब टीम लगातार तीसरी बार खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी.
16 टीमों के बीच 41 मुकाबले
टूर्नामेंट में 16 टीमें कुल 41 मैच खेलेंगी. मुकाबले बांग्लादेश के चटगांव और सिलहट तथा नेपाल के काठमांडू क्षेत्र के चार मैदानों पर होंगे. ग्रुप चरण 26 जनवरी तक चलेगा. इसके बाद क्वालिफाई करने वाली टीमें Super Six चरण में पहुंचेंगी. Super Six में टीमें दो समूहों में बंटेंगी और प्रत्येक समूह की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी.
ग्रुप B में दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और समोआ हैं. ग्रुप C में ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नाइजीरिया और संयुक्त अरब अमीरात को रखा गया है. ग्रुप D में इंग्लैंड, श्रीलंका, अमेरिका और स्कॉटलैंड शामिल हैं.
सेमीफाइनल 4 फरवरी को चटगांव के Bir Shrestha Shahid Flight Lieutenant Matiur Rahman Cricket Stadium में खेले जाएंगे. 5 फरवरी को सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे रखा गया है. फाइनल 6 फरवरी को इसी मैदान पर होगा, जबकि 7 फरवरी रिजर्व डे रहेगा.
ICC के मुख्य कार्यकारी संजोग गुप्ता ने कहा कि अंडर-19 विश्व कप युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर से शीर्ष क्रिकेट तक पहुंचने का मंच देता है. उन्होंने बांग्लादेश और नेपाल में क्रिकेट के प्रति उत्साह को रेखांकित करते हुए कहा कि इन दोनों देशों में आयोजन से खेल के भविष्य में निवेश का अवसर मिलेगा.
