सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 में गुजरात के विकेटकीपर बल्लेबाज उर्विल पटेल ने ओडिशा के खिलाफ तेजतर्रार पारी खेली. शनिवार, 14 नवंबर को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे मुकाबले में उर्विल ने 30 गेंदों पर 62 रन बनाए. उनकी पारी में छह चौके और चार छक्के शामिल रहे. उन्होंने 206.67 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए.
ओडिशा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. गुजरात की कप्तानी और विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे उर्विल ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई. उनकी पारी का अंत देबब्रत प्रधान की गेंद पर हुआ, जबकि सुभ्रांशु सेनापति ने उनका कैच पकड़ा.
28 गेंदों में शतक का रिकॉर्ड
उर्विल पटेल इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के 2024-25 सत्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोर चुके हैं. 27 नवंबर 2024 को त्रिपुरा के खिलाफ उन्होंने केवल 28 गेंदों में शतक पूरा किया था. उस मुकाबले में उन्होंने 35 गेंदों पर नाबाद 113 रन बनाए थे.
उर्विल ने अपना अर्धशतक 15 गेंदों में पूरा किया था. उनकी उस पारी में सात चौके और 12 छक्के शामिल थे. शतक पूरा करने तक वह सात चौके और 11 छक्के लगा चुके थे. उनका स्ट्राइक रेट 322.85 रहा था.
आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा
उर्विल पटेल आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रह चुके हैं. चेन्नई ने उन्हें आईपीएल 2025 में चोट के कारण बाहर हुए वंश बेदी के स्थान पर टीम में शामिल किया था. उन्हें 30 लाख रुपये की बेस प्राइस पर समान भूमिका वाले खिलाड़ी के रूप में चुना गया था.
