ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 2018 के कुख्यात सैंडपेपर कांड को लेकर अपनी आत्मकथा में नया दावा करने की बात कही है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ख्वाजा का कहना है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी केवल स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट तक सीमित नहीं थी, बल्कि पूरी टीम इससे परिचित थी.

ख्वाजा ने यह भी कहा कि केपटाउन टेस्ट के दौरान वह बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, फिर भी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच में उनसे पूछताछ नहीं की गई. उनके अनुसार, वह अपना पक्ष रखने के लिए जांचकर्ताओं के फोन का इंतजार करते रहे, लेकिन उनसे संपर्क नहीं किया गया.

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तत्कालीन जांच के निष्कर्षों में कहा गया था कि सैंडपेपर इस्तेमाल करने की योजना की जानकारी स्मिथ, वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट को थी. ख्वाजा की आत्मकथा ‘Sabr’ नवंबर 2026 में जारी होनी है. ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने कहा है कि टीम इस विवाद से आगे बढ़ चुकी है और वह किताब में सामने आने वाली बातों को लेकर चिंतित नहीं हैं.