ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने आरोप लगाया है कि 2023 एशेज सीरीज के लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान Marylebone Cricket Club (MCC) के एक सदस्य ने उनके खिलाफ नस्ली दुर्व्यवहार किया. ख्वाजा ने अपनी हाल में जारी आत्मकथा में इस घटना का विवरण साझा किया है.
यह घटना इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो के विवादित तरीके से स्टंप आउट होने के बाद की है. ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने बेयरस्टो को आउट किया था. इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी लंच के लिए मैदान से बाहर जा रहे थे, तभी ख्वाजा और डेविड वॉर्नर की कुछ दर्शकों से बहस हुई थी.
ख्वाजा के अनुसार, लॉर्ड्स के Long Room में मौजूद कुछ MCC सदस्यों का व्यवहार बेहद आक्रामक था. उन्होंने लिखा कि वहां लोग एक साथ गालियां दे रहे थे और माहौल उन्हें ‘शिकार पर टूट पड़ने वाले कुत्तों के झुंड’ जैसा लगा. ख्वाजा ने यह भी दावा किया कि एक दर्शक ने उन पर चिल्लाने और थूकने की कोशिश की, जबकि दूसरे ने सीढ़ियों पर उन्हें और वॉर्नर को गिराने का प्रयास किया.
उनके मुताबिक, बाद में एक व्यक्ति ने उनके खिलाफ कथित नस्ली टिप्पणी की. ख्वाजा ने कुछ सदस्यों के ड्रेसिंग रूम के पास जमा होने पर सवाल उठाते हुए पूछा था, “क्या यह लॉर्ड्स है या चिड़ियाघर?”
इस घटना के बाद MCC ने एक सदस्य को निष्कासित किया था, जबकि दो अन्य को अभद्र, आपत्तिजनक या अनुचित व्यवहार अथवा भाषा का दोषी पाए जाने पर निलंबित किया गया. इनमें से एक पर साढ़े चार साल और दूसरे पर 30 महीने का प्रतिबंध लगाया गया था.
ख्वाजा की आत्मकथा में 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान गेंद से छेड़छाड़ प्रकरण पर भी दावा किया गया है. उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम को सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी थी. ख्वाजा ने जनवरी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था और 88 टेस्ट में 6,229 रन बनाए.
