वडोदरा में भारतीय महिला क्रिकेटर और स्पिनर राधा यादव के लिए क्रिकेट अकादमी स्थापित करने की दिशा में जमीन आवंटित करने का प्रस्ताव दिया गया है. यह प्रस्ताव वडोदरा नगर निगम के समक्ष पूर्व पार्षद बंदिश शाह ने रखा है.
शाह के मुताबिक, नगर निगम की Town Planning योजनाओं के तहत खेल गतिविधियों के लिए निर्धारित भूखंडों में से एक जमीन राधा यादव की अकादमी के लिए दी जा सकती है. उनका कहना है कि इस पहल का उद्देश्य वडोदरा को ‘स्पोर्ट्स सिटी’ के रूप में विकसित करना और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध कराना है.
प्रस्ताव के अनुसार, राधा यादव फिलहाल एक इनडोर क्रिकेट अकादमी में अभ्यास करती हैं, लेकिन नियमित और व्यापक प्रशिक्षण के लिए आउटडोर मैदान की जरूरत है. प्रस्तावित परिसर में क्रिकेट अभ्यास की सुविधा विकसित की जानी है, जिससे बच्चों को भी प्रशिक्षण का अवसर मिल सके.
बंदिश शाह ने कहा कि सुविधा का विकास अपने खर्च पर किया जाएगा और नगर निगम को किराया भी दिया जाएगा. उनके अनुसार, निगम की ओर से प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाया गया है, हालांकि इसे मंजूरी मिलने से पहले प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी. यह मांग ऐसे समय सामने आई है, जब यूसुफ पठान के लिए वडोदरा में जमीन आवंटन का प्रस्ताव भी चर्चा में है.
