वैभव सूर्यवंशी ने पुरुष T20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र के कप्तान बनने का रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने 15 साल 232 दिन की उम्र में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में बिहार की कप्तानी संभाली. यह मुकाबला इंदौर के होलकर स्टेडियम में सौराष्ट्र के खिलाफ खेला गया.

बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. कप्तान वैभव हालांकि बल्ले से बड़ी पारी नहीं खेल सके और 12 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हो गए. उनकी पारी में दो चौके और एक छक्का शामिल था. सौराष्ट्र के चेतन सकारिया ने उन्हें आउट किया.

वैभव ने इस उपलब्धि के साथ क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ा. वुकुसिक ने पिछले साल 17 साल 311 दिन की उम्र में अपनी राष्ट्रीय टीम की T20 इंटरनेशनल कप्तानी की थी. घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पुरुष T20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में कप्तानी का रिकॉर्ड अब वैभव के नाम दर्ज हो गया है.

शुरुआती दो मैचों के लिए कप्तान

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए घोषित 17 सदस्यीय टीम में वैभव को शुरुआती दो मुकाबलों का कप्तान बनाया था. सूरज कश्यप को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है. इससे पहले वैभव 2026-27 दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के उपकप्तान भी रह चुके हैं.

वैभव के नाम T20 क्रिकेट में कम उम्र में शतक लगाने के रिकॉर्ड भी हैं. उन्होंने पिछले साल महाराष्ट्र के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 58 गेंदों पर शतक बनाया था. IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 35 गेंदों पर शतक जड़ा था.

हाल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की T20I सीरीज में वैभव ने दो मैच खेलकर कुल 49 रन बनाए थे.