सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के आखिरी लीग मैच में छत्तीसगढ़ को विदर्भ के हाथों हार का सामना करना पड़ा. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में विदर्भ ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 194 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए छत्तीसगढ़ की टीम 19.1 ओवर में 160 रन पर सिमट गई. इस नतीजे के साथ छत्तीसगढ़ का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया.

विदर्भ के बल्लेबाजों ने बनाया मजबूत स्कोर

विदर्भ की शुरुआत दानिश मालेवार और अथर्व तायडे ने की. मालेवार ने 20 गेंदों में 37 रन, जबकि तायडे ने 28 गेंदों में 37 रन बनाए. अमन मोखाड़े ने 41 गेंदों में 67 रन की पारी खेली. यश राठौड़ ने 26 गेंदों में 40 रन बनाकर उनका साथ दिया. मोखाड़े और राठौड़ की साझेदारी ने विदर्भ को अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने का मौका दिया.

छत्तीसगढ़ की ओर से विजय यादव, जयंत यादव, सौरभ मजूमदार और देव आदित्य सिंह ने एक-एक विकेट लिया. हालांकि टीम के गेंदबाज बीच और आखिरी ओवरों में रन गति पर पर्याप्त नियंत्रण नहीं रख सके.

अमनदीप के अर्धशतक के बाद बिखरी पारी

195 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए संगीतम सोनी ने 13 गेंदों में 26 रन बनाकर तेज शुरुआत दी. अमनदीप खरे ने 37 गेंदों में 62 रन बनाए और शशांक चंद्राकर ने 13 गेंदों में 20 रन का योगदान दिया. इसके बावजूद छत्तीसगढ़ की पारी लगातार गिरते विकेटों के कारण लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी.

विदर्भ के प्रफुल्ल हिंगे ने तीन विकेट लिए. दर्शन नालकंडे और यश कदम को दो-दो विकेट मिले.

छत्तीसगढ़ ने अभियान की शुरुआत उत्तराखंड पर पांच विकेट की जीत से की थी. टीम ने ओडिशा को 51 रन से और गोवा को चार विकेट से हराया. हैदराबाद से एक विकेट, मुंबई से नौ विकेट और विदर्भ से हार मिली, जबकि गुजरात के खिलाफ मुकाबला बारिश के कारण रद्द रहा.

बल्लेबाजी में विकल्प तिवारी ने पांच पारियों में 237 रन बनाए और उनका सर्वोच्च स्कोर 119 रन रहा. अमनदीप खरे ने गोवा के खिलाफ 116 रन और विदर्भ के खिलाफ 62 रन बनाए. गेंदबाजी में जयंत यादव सात विकेट के साथ टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे.