छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने BCCI की विजय हजारे वनडे ट्रॉफी 2026-27 के लिए 18 सदस्यीय सीनियर पुरुष टीम घोषित कर दी है. राजनांदगांव के विकल्प तिवारी को टीम की कप्तानी सौंपी गई है. मयंक वर्मा और राहुल प्रधान विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल हैं.
टीम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के खिलाड़ियों के साथ चार प्रोफेशनल खिलाड़ियों को भी जगह मिली है. इनमें धर्मेंद्रसिंह जडेजा और जयंत यादव के नाम शामिल हैं. रायपुर से आयुष पांडेय, अनुज तिवारी, प्रतीक यादव और भारत गोंडवानी चुने गए हैं. राजनांदगांव से कप्तान विकल्प तिवारी और अजय मंडल टीम का हिस्सा हैं.
भिलाई से मयंक वर्मा और संजीत देसाई, जबकि बीएसपी से अमनदीप खरे और देव आदित्य सिंह को चुना गया है. सरगुजा से राहुल प्रधान, बस्तर से सौरभ मजूमदार और रुद्र प्रताप देहारी, बिलासपुर से वासुदेव बरेठ, दुर्ग से विजय यादव और रायगढ़ से शुभम अग्रवाल टीम में शामिल हैं.
छत्तीसगढ़ का मुकाबला कार्यक्रम
छत्तीसगढ़ अपना पहला मैच 14 दिसंबर को महाराष्ट्र के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलेगा. इसके बाद 16 दिसंबर को गोवा, 19 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश, 21 दिसंबर को पंजाब और 24 दिसंबर को दिल्ली से मुकाबला होगा. टीम 27 दिसंबर को राजस्थान और 29 दिसंबर को चंडीगढ़ के खिलाफ खेलेगी. टूर्नामेंट के सभी मैच अहमदाबाद में आयोजित किए जाएंगे.
