महिला बिग बैश लीग 2026 में मेलबर्न रेनेगेड्स और ब्रिस्बेन हीट के मुकाबले के दौरान डिएंड्रा डॉटिन असामान्य तरीके से आउट हुईं. मेलबर्न के जंक्शन ओवल में खेले गए इस मैच में वह पिछली बल्लेबाज के आउट होने के 75 सेकंड के भीतर क्रीज पर नहीं पहुंच सकीं.
WBBL के नियमों के अनुसार, निर्धारित समय में नए बल्लेबाज के क्रीज पर नहीं पहुंचने पर उसे टाइम आउट दिया जा सकता है. इस मामले में डॉटिन को बिना गेंद खेले ही आउट करार दिया गया.
इसके बाद गेंदबाज सारा ग्लेन को फ्री बॉल मिली. इस प्रक्रिया में बल्लेबाज स्टंप्स से करीब पांच फीट दूर खड़ा होता है और गेंदबाज को सीधे स्टंप्स पर निशाना साधने का अवसर मिलता है. ग्लेन ने इसी मौके पर गेंद फेंककर स्टंप्स गिरा दिए. डॉटिन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं और ग्लेन ने उनकी पहली ही गेंद पर विकेट हासिल किया.
रेनेगेड्स ने आखिरी गेंद पर जीता मैच
डॉटिन के इस तरह आउट होने के बावजूद मेलबर्न रेनेगेड्स ने मुकाबला अपने नाम किया. सोफी मोलिन्यू ने चार विकेट लेकर ब्रिस्बेन हीट को 20 ओवर में आठ विकेट पर 137 रन तक सीमित रखने में अहम भूमिका निभाई.
रेनेगेड्स की पारी में टेस फ्लिंटॉफ ने 30 और जॉर्जिया वेयरहैम ने 29 रन बनाए. टीम ने लक्ष्य आखिरी गेंद पर तीन विकेट बाकी रहते हासिल कर लिया.
