भारत ने जॉर्जिया के बाटुमी में आयोजित FIDE World Cadet Championship 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता. सरबार्थो मणि ने अंडर-10 ओपन वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि नक्षत्रा गुमुदवल्ली अंडर-10 गर्ल्स वर्ग में चैंपियन बनीं.
सात राउंड के बाद सरबार्थो ने 5.5 अंक जुटाकर अंडर-10 ओपन की तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया. ईरान की कियाशा महबूबी के भी 5.5 अंक थे, लेकिन टाईब्रेक मानदंड के आधार पर भारतीय खिलाड़ी को पहला स्थान मिला. कजाकिस्तान के रीजाट उलान पांच अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे. भारत के ही सत्विक स्वैन 4.5 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे.
अंडर-10 गर्ल्स वर्ग में नक्षत्रा गुमुदवल्ली ने भी सात राउंड में 5.5 अंक बनाए. समान अंक हासिल करने वाली कजाकिस्तान की अलीशा बिसालियेवा को टाईब्रेक में पीछे छोड़ते हुए नक्षत्रा ने स्वर्ण पदक जीता. चीन की झिहान चेन पांच अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं.
अंडर-12 गर्ल्स वर्ग में दिवि बिजेश ने 4.5 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता. इस वर्ग में कजाकिस्तान की मिलाना फिलिप्पोवा ने स्वर्ण और झांसाया शोल्पानबेक ने रजत पदक हासिल किया. भारत की शरवानिका एएस 4.5 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं.
ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के अध्यक्ष नितिन नरंग ने पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके आगे भी सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दीं.
