महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 की नीलामी 29 अक्टूबर को कोच्चि में होने की संभावना है. मंगलवार को हुई WPL गवर्निंग काउंसिल की वर्चुअल बैठक में टूर्नामेंट के आयोजन स्थलों पर भी चर्चा की गई. उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम को WPL 2027 के मैचों के लिए तय किया गया है.
दूसरे शहर के तौर पर वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम और वाराणसी के नए स्टेडियम के विकल्प पर विचार हो रहा है. वाराणसी को मेजबानी देने का फैसला स्टेडियम की तैयारियों पर निर्भर करेगा. BCCI की क्रिकेट ऑपरेशंस टीम वहां निरीक्षण कर यह आकलन करेगी कि जनवरी 2027 तक मैदान मैचों के लिए तैयार हो पाएगा या नहीं. नए venue पर घरेलू या अभ्यास मैच कराने की जरूरत भी बताई गई है.
बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम का विकल्प भी बैठक में सामने आया, लेकिन इसके लिए स्थानीय प्रशासन से कई अनुमतियां लेने की जरूरत हो सकती है.
ब्रेबोर्न स्टेडियम इससे पहले 2023 और 2025 में WPL फाइनल की मेजबानी कर चुका है. 2026 में वहां नई फ्लडलाइट्स लगाने का काम चलने के कारण मुकाबले नहीं हुए थे. वडोदरा में 2026 WPL फाइनल खेला गया था, जिसमें स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराया था.
IPL के इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर फैसला टला
IPL गवर्निंग काउंसिल ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर फैसला अगले महीने तक टाल दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, सभी फ्रेंचाइजी से इस नियम पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी और अब उस फीडबैक का आकलन किया जाएगा.
इस नियम के तहत मैच के दौरान किसी भी चरण में अतिरिक्त बल्लेबाज या गेंदबाज को शामिल किया जा सकता है. इसके आलोचकों का तर्क है कि इससे स्कोर बड़े हुए हैं और भारतीय क्रिकेट में ऑलराउंडरों के विकास पर असर पड़ सकता है.
