महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 का पांचवां सत्र 14 जनवरी से 7 फरवरी तक वडोदरा और मुंबई में खेला जाएगा. टूर्नामेंट में प्लेऑफ समेत कुल 22 मुकाबले निर्धारित हैं और दोनों शहरों को 11-11 मैचों की मेजबानी मिली है.

पहला मुकाबला 14 जनवरी को वडोदरा में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होगा. वडोदरा चरण में शुरुआती 11 मैच खेले जाएंगे. इसके बाद प्रतियोगिता 26 जनवरी से मुंबई पहुंचेगी.

मुंबई में प्लेऑफ और फाइनल

मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया के ब्रेबोर्न स्टेडियम में लीग चरण के बाकी मुकाबलों के साथ प्लेऑफ भी होंगे. एलिमिनेटर 5 फरवरी को खेला जाना है, जबकि फाइनल 7 फरवरी को निर्धारित है.

लीग चरण में अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी. दूसरे और तीसरे स्थान की टीमें एलिमिनेटर खेलेंगी, जिसकी विजेता टीम खिताबी मुकाबले में शीर्ष टीम से भिड़ेगी.