दक्षिण अफ्रीका को डरबन के किंग्समीड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में 214 रन से हार का सामना करना पड़ा. इस नतीजे के बाद वह ICC World Test Championship (WTC) 2025-27 की अंकतालिका में दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गया. दक्षिण अफ्रीका का अंक प्रतिशत अब 60.00 है.
न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है. ऑस्ट्रेलिया ने 11 मैचों में नौवीं जीत दर्ज कर शीर्ष स्थान और मजबूत किया. उसका अंक प्रतिशत 81.82 है. बांग्लादेश 55.56 प्रतिशत के साथ चौथे और भारत 51.52 प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर है.
डरबन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी 314 रन पर छह विकेट के नुकसान पर घोषित कर दक्षिण अफ्रीका के सामने 421 रन का लक्ष्य रखा था. मेजबान टीम 206 रन पर सिमट गई. एडेन मार्करम ने 237 गेंदों पर 75 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन दक्षिण अफ्रीका लक्ष्य तक नहीं पहुंच सका. मार्को यानसन ने 35 रन बनाए.
ऑस्ट्रेलिया की जीत में जोश हेजलवुड ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने पांचवें दिन 49 रन देकर छह विकेट लिए, जो उनके टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. हेजलवुड ने वियान मुल्डर को आउट करने के बाद यानसन और साइमन हार्मर को एक ही ओवर में पवेलियन भेजा. मिचेल स्टार्क ने मार्करम की पारी समाप्त की, जबकि हेजलवुड ने एनरिक नॉर्खिया का विकेट लेकर मैच पूरा किया.
मैट रेनशॉ ने पहली पारी में 190 और दूसरी पारी में 82 रन बनाए. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 1-0 की बढ़त बना ली है. यह टेस्ट कप्तान के रूप में टेम्बा बावुमा की पहली हार भी रही.
