वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया की स्थिति और मजबूत हो गई है. डरबन टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका को 214 रन से हराने के बाद ऑस्ट्रेलिया 81.82 प्रतिशत अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गया है. इस नतीजे से दक्षिण अफ्रीका तीसरे स्थान पर खिसक गया, जबकि न्यूजीलैंड दूसरे नंबर पर आ गया. भारतीय टीम 51.52 प्रतिशत अंकों के साथ पांचवें स्थान पर बनी हुई है.
भारत ने अब तक 11 टेस्ट खेले हैं. इनमें उसे पांच जीत, चार हार और दो ड्रॉ मिले हैं. टीम के खाते में 68 अंक हैं. भारत के WTC चक्र में सात टेस्ट बाकी हैं—न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके घर में दो और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर पांच टेस्ट.
भारत के लिए क्या है समीकरण
WTC में रैंकिंग कुल अंकों से नहीं, बल्कि पॉइंट्स प्रतिशत (PCT) से तय होती है. जीत पर 12, ड्रॉ पर चार और टाई पर छह अंक मिलते हैं. चक्र के अंत में शीर्ष दो टीमें फाइनल में पहुंचती हैं.
उपलब्ध समीकरण के मुताबिक, भारत को फाइनल की दौड़ में मजबूत बने रहने के लिए बचे सात में से कम से कम छह मैच जीतने होंगे. अगर टीम सभी सात मुकाबले जीतती है, तो उसके 152 अंक हो जाएंगे और PCT 70.37 प्रतिशत तक पहुंच सकता है. इस स्थिति में भारत का दावा काफी मजबूत होगा, हालांकि अन्य टीमों के नतीजे भी अहम रहेंगे.
भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दोनों चुनौती बने हुए हैं. न्यूजीलैंड अभी 72.22 PCT के साथ दूसरे स्थान पर है. भारत अगर उसके खिलाफ दोनों टेस्ट जीत भी लेता है, तब भी न्यूजीलैंड के पास अपने बाकी मैचों के जरिए ऊंचा PCT बनाए रखने का अवसर रहेगा.
ऑस्ट्रेलिया की दक्षिण अफ्रीका पर जीत भारत के नजरिए से अनुकूल नहीं मानी जा रही है, क्योंकि इससे ऑस्ट्रेलिया शीर्ष स्थान पर और मजबूत हुआ है. दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने बाकी मैच जीतता है, तो ऑस्ट्रेलिया के PCT पर असर पड़ सकता है. यही नतीजे भारत की फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को प्रभावित करेंगे.
मौजूदा अंक तालिका
ऑस्ट्रेलिया 11 मैचों में नौ जीत के साथ 108 अंक और 81.82 PCT पर है. न्यूजीलैंड छह मैचों में चार जीत, एक हार और एक ड्रॉ से 72.22 PCT के साथ दूसरे स्थान पर है. दक्षिण अफ्रीका 60 PCT के साथ तीसरे और बांग्लादेश 55.56 PCT के साथ चौथे स्थान पर है.
इंग्लैंड 38.54 PCT के साथ छठे, श्रीलंका 33.33 के साथ सातवें, वेस्टइंडीज 20.83 के साथ आठवें और पाकिस्तान 4.63 PCT के साथ नौवें स्थान पर है. धीमी ओवर गति के कारण कुछ टीमों के अंकों में कटौती भी हुई है.
