बंगाल की खाड़ी में बना अच्छी तरह चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र अगले कुछ दिनों में मजबूत हो सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, यह प्रणाली 24 अक्टूबर को अवदाब, 25 अक्टूबर को गहरे अवदाब और 26 अक्टूबर की सुबह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है.
मौसम प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने का अनुमान है. विभाग ने आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिण ओडिशा तट के लिए प्री-साइक्लोन वॉच भी जारी की है.
तमिलनाडु में बारिश की चेतावनी
तमिलनाडु और पुडुचेरी में 24 और 25 अक्टूबर को अत्यंत भारी बारिश, 26 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश और 27 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
मछुआरों और समुद्र में जाने वाले छोटे नौका संचालकों को मौसम विभाग के अगले निर्देशों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है. अभी प्रणाली के संभावित प्रभाव वाले क्षेत्रों और इसकी तीव्रता पर लगातार निगरानी जारी है.
