चेन्नई में दीपावली समारोह के बाद वायु प्रदूषण में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है. शहर का औसत Air Quality Index (AQI) 159 तक पहुंच गया, जिसे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वर्गीकरण में ‘मध्यम’ श्रेणी में रखा जाता है.

रायपुरम में सबसे अधिक AQI 238 दर्ज किया गया. इसके बाद पेरुंगुडी में 175, मणली में 168, कोडुंगैयूर में 166 और अरुंबक्कम में 165 का स्तर दर्ज हुआ.

रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई में बुधवार से कई इलाकों में पटाखे जलाए गए और गुरुवार सुबह भी आतिशबाजी जारी रही. बारिश के बीच भी शाम 7 बजे से 8 बजे के बीच बारिश में राहत के दौरान लोगों ने पटाखे जलाए.

इस साल शहर का औसत AQI पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले काफी अधिक रहा. पिछले साल 6 नवंबर को यह 56 और 7 नवंबर को 74 दर्ज हुआ था, जबकि इस वर्ष यह 159 तक पहुंच गया. बढ़े हुए प्रदूषण के कारण लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा.

तमिलनाडु सरकार ने इस वर्ष पटाखे जलाने के लिए सुबह 6 से 7 बजे और शाम 7 से 8 बजे तक का समय तय किया था. लोगों से ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करने और अस्पतालों, धार्मिक स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों के पास आतिशबाजी से बचने की अपील की गई थी.