चेन्नई के एमकेबी नगर स्थित एक प्लास्टिक उत्पाद फैक्ट्री से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने 50 किलोग्राम स्यूडोएफेड्रिन जब्त किया है. अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है. मामले में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
यह कार्रवाई 12 नवंबर को अन्नाई इंदिरा नगर में एएन एंटरप्राइजेज परिसर में की गई. यह इकाई प्लास्टिक की बोतलें और बॉक्स बनाने का काम करती है. अधिकारियों के मुताबिक, केमिकल को दो बोरियों में छिपाकर रखा गया था और प्रत्येक बोरी में करीब 25-25 किलोग्राम सामग्री थी.
हैदराबाद से लाई गई थी खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेप हैदराबाद से चेन्नई लाई गई थी और इसे अवैध रूप से विदेश भेजे जाने की आशंका है. जांच एजेंसी के अनुसार, स्यूडोएफेड्रिन का इस्तेमाल अवैध रूप से मेथामफेटामाइन बनाने में किया जा सकता है.
NCB अब आरोपियों की भूमिका, खेप के स्रोत और संभावित विदेशी गंतव्य की जांच कर रही है. एजेंसी ने कहा है कि मामले में बड़े घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश जारी है. ड्रग तस्करी से जुड़ी सूचना MANAS हेल्पलाइन 1933 पर दी जा सकती है.
