चेन्नई में उत्तर-पूर्वी मानसून के दौरान भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. जलभराव से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराने के लिए जोनल अधिकारियों के संपर्क नंबर जारी किए गए हैं.
तमिलनाडु सरकार के अनुसार, चेन्नई में 220 राहत केंद्र और 110 सामुदायिक रसोइयां तैयार रखी गई हैं. जरूरत पड़ने पर इन केंद्रों में प्रभावित लोगों को अस्थायी आश्रय और भोजन उपलब्ध कराया जा सकेगा.
तमिलनाडु राज्य आपदा प्रबंधन एजेंसी के 18 अक्टूबर के बारिश आंकड़ों में चेन्नई के कई इलाकों में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई. मंबलम में 185.2 मिलीमीटर, टोंडियारपेट में 182.4 मिलीमीटर, पेरंबूर में 181.3 मिलीमीटर और चेन्नई कलेक्टोरेट क्षेत्र में 163.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई.
अलंदूर, गिंडी और नुंगमबक्कम समेत अन्य इलाकों में भी 136.4 से 157.8 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई. प्रशासन ने अधिकारियों और सेवा विभागों को जलभराव, राहत और बचाव से जुड़ी शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
