तमिलनाडु में उत्तर-पूर्वी मानसून सक्रिय हो गया है और चेन्नई में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू हुआ है. 21 अक्टूबर को शहर और आसपास के जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बनी रहने का अनुमान है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 26 अक्टूबर तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. चेन्नई के अलावा कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, तिरुवल्लूर और रानीपेट में भी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 21 अक्टूबर को चेन्नई में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि नीलगिरि, कोयंबटूर, मदुरै, थेनी, कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली और डिंडीगुल में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

इससे पहले उत्तर चेन्नई में मानसून के शुरुआती दौर में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई थी. 18 अक्टूबर तक राज्य में उत्तर-पूर्वी मानसून की बारिश सामान्य से 57 प्रतिशत अधिक रही और कुल बारिश 163.2 मिलीमीटर दर्ज की गई, जबकि सामान्य मात्रा 103.8 मिलीमीटर थी. लगातार बारिश के मद्देनजर चेन्नई समेत कुछ जिलों में 21 अक्टूबर को स्कूल बंद रखने की घोषणा भी की गई.