चेन्नई अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेला (सीआईबीएफ) 2027 का आयोजन 16 से 18 जनवरी तक चेन्नई ट्रेड सेंटर में किया जाएगा. तमिलनाडु के स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन ने मेले का लोगो जारी किया.

यह सीआईबीएफ का पांचवां संस्करण होगा. आयोजकों के अनुसार, इसमें 110 से अधिक देशों के प्रकाशकों, लेखकों और अनुवादकों के भाग लेने की उम्मीद है. पब्लिशर्स एंड बुकसेलर्स एसोसिएशन ऑफ थाईलैंड (पुबैट) मेले में विशेष अतिथि के तौर पर शामिल होगा.

भागीदारी का विस्तार

सीआईबीएफ के पहले संस्करण का आयोजन 2023 में हुआ था, जिसमें 23 देशों के प्रकाशकों ने हिस्सा लिया था. इसके बाद भाग लेने वाले देशों की संख्या बढ़ी. 2024 में 40, 2025 में 65 और 2026 में 102 देशों की भागीदारी दर्ज की गई.

इन संस्करणों में अनुवाद को बढ़ावा देने के लिए 183 लेखकों को 415 अनुवाद अनुदान दिए गए. इनके तहत 258 पुस्तकों का 50 भाषाओं में अनुवाद किया गया.

लोगो जारी करने के साथ चेन्नई स्थित अन्ना शताब्दी पुस्तकालय में वैश्विक साहित्यिक एजेंटों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी उद्घाटन किया गया. यह कार्यक्रम 21 नवंबर से शुरू हुआ है और 5 दिसंबर तक चलेगा. कार्यक्रम में तमिलनाडु टेक्स्टबुक एंड एजुकेशनल सर्विसेज कॉरपोरेशन के अध्यक्ष लयोला मणि और सार्वजनिक पुस्तकालयों की निदेशक आर. वी. शाजीवना भी उपस्थित रहीं.