तमिलनाडु में चेन्नई के पास क्रोमपेट इलाके से लापता हुए चार स्कूली छात्रों के शव रविवार, 4 अक्टूबर को तिरुनीरमलाई की एक झील से बरामद किए गए. पुलिस के अनुसार, बच्चों के परिवारों ने शनिवार रात उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी.
मृतकों की पहचान 13 वर्षीय पूजा, 13 वर्षीय खुशी, 12 वर्षीय के. देवदर्शन और 10 वर्षीय युवनेश के रूप में हुई है. ये सभी कृष्णा स्ट्रीट, लक्ष्मीपुरम के निवासी और एक-दूसरे के पड़ोसी बताए गए हैं. दोनों छात्राएं आठवीं कक्षा में पढ़ती थीं, जबकि दोनों छात्र सातवीं और छठी कक्षा के विद्यार्थी थे.
परिजनों के मुताबिक, बच्चे शनिवार को घर के पास खेलने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. इसके बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश की तथा तस्वीरें साझा कीं.
रविवार सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने तिरुनीरमलाई पेरिया एरी में चार शव तैरते देखे और अधिकारियों को सूचना दी. तमिलनाडु अग्निशमन एवं बचाव सेवा दल ने शव बाहर निकाले. पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बच्चे झील में नहाने गए होंगे और कीचड़ में फंसने के बाद डूब गए. शवों को पोस्टमार्टम के लिए तांबरम जिला सरकारी अस्पताल भेजा गया है.
