University of Western Australia (UWA) को तमिलनाडु के चेन्नई स्थित वेलाचेरी में कैंपस शुरू करने की अंतिम मंजूरी मिल गई है. कैंपस में कंप्यूटर साइंस, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिजनेस और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे कार्यक्रम शुरू किए जाने की योजना है. कक्षाएं अक्टूबर 2026 में शुरू होने की उम्मीद है.

फैसले का तमिलनाडु गवर्नमेंट कॉलेजिएट टीचर्स एसोसिएशन और CPI(M) ने विरोध किया है. विवाद का प्रमुख कारण प्रस्तावित फीस है. शिक्षक संगठन के अनुसार फीस लगभग 14 लाख से 23 लाख रुपये के बीच हो सकती है. CPI(M) ने MBA की प्रथम वर्ष की फीस करीब 23.10 लाख रुपये, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की 17.93 लाख रुपये और बिजनेस मैनेजमेंट तथा डेटा साइंस की 14.52 लाख रुपये बताई है.

आलोचकों ने सरकारी उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया है. उनके अनुसार मद्रास विश्वविद्यालय में 550 स्वीकृत पदों के मुकाबले 180 शिक्षक कार्यरत हैं. मदुरै कामराज विश्वविद्यालय में 405 में से 202 और भारतीदासन विश्वविद्यालय में 230 में से 119 पद भरे हैं.

CPI(M) ने सरकारी कॉलेजों में 7,198 शिक्षकीय पद रिक्त होने का दावा किया है. पार्टी और शिक्षक संगठन का कहना है कि महंगे विदेशी विश्वविद्यालयों के विस्तार से पहले सार्वजनिक संस्थानों में रिक्तियां भरना, सस्ती शिक्षा सुनिश्चित करना और आरक्षण तथा सामाजिक न्याय की रक्षा जरूरी है.