तमिलनाडु को 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में हवाईअड्डों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है. CII तमिलनाडु स्टेट काउंसिल के अध्यक्ष सी. देवराजन ने 11 नवंबर को कहा कि चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर यात्रियों को संभालने की क्षमता बढ़ाने के लिए 10,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा गया है.

प्रस्ताव के तहत चेन्नई एयरपोर्ट पर टर्मिनल-5 बनाने के लिए 5,000 करोड़ रुपये खर्च करने की बात कही गई है. इसके अलावा नए टर्मिनल को मौजूदा एयरपोर्ट सुविधाओं और मेट्रो रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए 3,000 करोड़ रुपये की भूमिगत मेट्रो लाइन का सुझाव दिया गया है. CII ने इसके लिए स्वीडन के Stockholm Arlanda Airport और अमेरिका के Chicago O’Hare Airport जैसे मॉडल का उदाहरण दिया.

चेन्नई एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 का विस्तार पहले से जारी है, जिसे Larsen and Toubro कर रही है. CII अध्यक्ष के अनुसार, राज्य के अन्य उपयुक्त स्थानों पर एयरपोर्ट विकसित करने से चेन्नई एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव भी कम किया जा सकेगा.

CII ने राज्य के आर्थिक लक्ष्य के लिए बुनियादी ढांचे, रियल एस्टेट, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स समेत 15 प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान देने की जरूरत बताई है. संगठन के अनुसार, तमिलनाडु 2031 तक 1 ट्रिलियन डॉलर और 2036 तक 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखता है.