तमिलनाडु सरकार ने 1998 के कोयंबटूर सीरियल ब्लास्ट मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे पांच दोषियों को 60 दिन की पैरोल दी है. पैरोल पाने वालों में मोहम्मद अंसारी, मोहम्मद अली, मोनप्पा उर्फ मोहम्मद हसन, मोहम्मद अजम और नवाब खान शामिल हैं. ये सभी कोयंबटूर सेंट्रल जेल में बंद थे.

जेल विभाग से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, पैरोल निजी कारणों से दी गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक दोषी की मां का हाल में निधन हुआ था. इन कैदियों को इस साल पहले भी पैरोल मिली थी, लेकिन विधानसभा चुनाव के दौरान उसे रद्द कर दिया गया था. इसके बाद दायर याचिका पर सरकार ने फिर 60 दिन की पैरोल मंजूर की.

14 फरवरी 1998 को कोयंबटूर में कई धमाके हुए थे. ये धमाके BJP नेता लालकृष्ण आडवाणी की प्रस्तावित चुनावी सभा से पहले हुए थे और इस मामले में कई लोगों को दोषी ठहराया गया था.

फैसले पर तमिलनाडु BJP ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी ने पैरोल आदेश तत्काल रद्द करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि सरकार दोषी ठहराए गए आतंकवादियों के प्रति नरम रुख अपना रही है. BJP प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने इसे पीड़ितों और मृतकों के प्रति विश्वासघात बताया. सरकार की ओर से पैरोल को नियमित प्रक्रिया का हिस्सा बताया गया है.