तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के पीलमेडु में 16 वर्षीय कक्षा 11 के छात्र ए. अकीलन की मौत के मामले में पुलिस ने उसके दो सहपाठियों को गिरफ्तार किया है. दोनों को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश करने के बाद ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया है.
पुलिस के अनुसार, छात्र के परिवार ने आरोप लगाया कि स्कूल में जातिगत टिप्पणियों और उसके भोजन की पसंद को लेकर उसे कथित तौर पर परेशान किया जाता था. शिकायत के आधार पर दो छात्रों के अलावा कक्षा शिक्षक पी. विजयकुमार और प्रधानाध्यापक एस. अरुण कुमार के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. स्कूल प्रबंधन ने दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया है.
परिवार का कहना है कि छात्र ने कथित उत्पीड़न की जानकारी शिक्षक और प्रधानाध्यापक को दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. हालांकि, जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार शिकायत और कुछ छात्रों-शिक्षकों के बयानों में अंतर मिला है. एक अधिकारी ने कहा कि जातिगत भेदभाव की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी.
छात्र की मौत 21 अक्टूबर को उसके घर में हुई थी. परिवार और समर्थकों ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच और सभी जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.
