संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश किया जाना है. इस मुद्दे पर दक्षिण भारत की पार्टियों के रुख पर नजर है, क्योंकि पहले भी कई दल परिसीमन के संभावित प्रभावों को लेकर आपत्ति जता चुके हैं. इसी बीच तमिलनाडु की TVK ने DMK से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है.
TVK ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि DMK को लोगों को गुमराह करने के बजाय साफ बताना चाहिए कि वह परिसीमन विधेयक के समर्थन में है या विरोध में. पार्टी ने आरोप लगाया कि DMK पिछले कुछ दिनों से कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव की स्थिति पर चुप है.
TVK ने DMK पर राजनीतिक अवसरवाद का आरोप लगाते हुए उसके नेतृत्व और संस्थापक सीएन अन्नादुरई की विरासत को लेकर भी तंज कसा. पोस्ट में पार्टी ने DMK की स्थिति की तुलना ‘बंदर के हाथ में माला’ से किए जाने का उल्लेख किया.
TVK ने कहा कि अगर DMK दक्षिण भारत के हितों और अपने सिद्धांतों को लेकर गंभीर है, तो उसे संसद में विधेयक का विरोध करने और इसके खिलाफ वोट देने की घोषणा करनी चाहिए. पार्टी ने यह भी कहा कि मतदान से दूर रहना, सदन से बाहर चले जाना या संशोधन के नाम पर कोई अन्य रास्ता अपनाना बीजेपी के सामने आत्मसमर्पण जैसा माना जाएगा.
परिसीमन पर DMK की मांग
DMK प्रमुख एमके स्टालिन के अनुसार, पार्टी की मांग है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत सीट हिस्सेदारी कम न की जाए. DMK चाहती है कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों को मिली लोकसभा सीटों की मौजूदा हिस्सेदारी अगले 25 वर्षों तक स्थिर रखी जाए. स्टालिन ने कहा है कि पार्टी इन मांगों पर कायम है और इस मुद्दे पर समझौता नहीं करेगी.
