तमिलनाडु के धारापुरम विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की उम्मीदवार पी. सत्यबामा भावुक हो गईं. प्रचार सभा में उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां की जा रही हैं. इसके बाद TVK प्रमुख और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने उन्हें सांत्वना दी और भरोसा बनाए रखने को कहा.
सत्यबामा ने दावा किया कि वह पिछले करीब दो महीने से मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रही हैं. उन्होंने कहा कि एक महिला होने के बावजूद उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और उन्होंने ऐसा कोई गलत काम नहीं किया है.
AIADMK छोड़ने की बताई वजह
सत्यबामा के अनुसार, उन्होंने AIADMK इसलिए छोड़ी क्योंकि पार्टी के DMK के साथ संभावित गठबंधन की चर्चा से वह सहमत नहीं थीं. वह पहले AIADMK के टिकट पर धारापुरम से विधायक चुनी गई थीं और बाद में TVK में शामिल हो गईं. उनके इस्तीफे के कारण धारापुरम सीट पर उपचुनाव हो रहा है.
धारापुरम में मतदान 6 अक्टूबर को प्रस्तावित है. प्रचार के दौरान विजय ने मतदाताओं से सत्यबामा को समर्थन देने की अपील की.
