तमिलनाडु के धर्मपुरी जिले में दो युवक उस समय बाल-बाल बच गए, जब वे शराब पीने के बाद झील के भीतर खड़ी अपनी जीप में सो गए और रात में बढ़ते पानी से वाहन डूबने लगा. यह घटना मारंडाहल्ली के पास स्थित कुमारशेट्टी झील की बताई जा रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों युवक कम जलस्तर देखकर जीप को झील के अंदर तक ले गए थे. इसके बाद उन्होंने वहीं शराब पी और वाहन में सो गए. रात के दौरान इलाके में तेज बारिश हुई, जिससे झील में पानी की आवक बढ़ गई और जलस्तर तेजी से ऊपर आने लगा.
नींद खुलने पर युवकों ने जीप को पानी से घिरा पाया. दोनों किसी तरह वाहन से बाहर निकले और सुबह स्थानीय लोगों से मदद मांगी.
ग्रामीणों ने पानी में फंसी जीप को निकालने के लिए पोकलेन मशीन बुलवाई. रस्सियों की मदद से वाहन को काफी प्रयास के बाद झील से बाहर निकाला गया. रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों युवकों को चोट नहीं आई. घटना के बाद जीप को झील में ले जाने और नशे की हालत में वाहन में सोने के फैसले की आलोचना की जा रही है.
