तमिलनाडु में परिसीमन प्रस्ताव को लेकर DMK का रुख पहले की तुलना में नरम पड़ता दिखाई दे रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्टी ने संकेत दिया है कि तमिलनाडु की मौजूदा लोकसभा हिस्सेदारी और राज्यों के प्रतिनिधित्व से जुड़ी चिंताओं को दूर किए जाने पर वह केंद्र के प्रस्ताव का समर्थन कर सकती है.

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि BJP और DMK के बीच इस मुद्दे पर बातचीत 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले ही शुरू हो गई थी. DMK की ओर से राज्य के लिए आनुपातिक रूप से सीटें बढ़ाने और 1971 की जनगणना को अगले 25 वर्षों तक आधार बनाए रखने जैसी मांगें रखे जाने की बात सामने आई है.

DMK के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सदस्य हैं. पार्टी ने अपने सांसदों के साथ बैठक बुलाकर प्रस्ताव पर चर्चा करने की तैयारी की है. हालांकि, अंतिम समर्थन विधेयक के वास्तविक प्रारूप और लिखित आश्वासनों पर निर्भर करेगा.

परिसीमन को लेकर दक्षिणी राज्यों को आशंका है कि जनसंख्या-आधारित प्रक्रिया से उन राज्यों का संसदीय प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है. केंद्र का प्रस्ताव संसद के आगामी विशेष सत्र में चर्चा के लिए आ सकता है.