चेन्नई में DMK सांसदों की बैठक के बाद पार्टी ने केंद्र के परिसीमन संबंधी विधेयकों का समर्थन करने का फैसला किया है. बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष एमके स्टालिन ने की. इसके बाद 10 पन्नों का प्रस्ताव पारित किया गया.

प्रस्ताव के मुताबिक, DMK लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण से जुड़े विधायी पैकेज का समर्थन करेगी. पार्टी ने हालांकि तमिलनाडु के संसदीय प्रतिनिधित्व की सुरक्षा को अपनी प्रमुख शर्त बनाया है.

DMK का कहना है कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने की स्थिति में भी तमिलनाडु का मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सा कम नहीं होना चाहिए. पार्टी ने 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच तय संसदीय प्रतिनिधित्व के अनुपात को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने की मांग भी दोहराई है.

तमिलनाडु के पास वर्तमान में लोकसभा की 543 निर्वाचित सीटों में से 39 सीटें हैं, जो कुल सीटों का लगभग 7.18 प्रतिशत है. केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद सत्र में परिसीमन से जुड़े विधेयक पेश करने की तैयारी में है. DMK के लोकसभा में 22 सांसद हैं, इसलिए उसका समर्थन विधेयक के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.