चेन्नई में शनिवार को हुई DMK सांसदों की बैठक में केंद्र सरकार के संशोधित परिसीमन विधेयक को समर्थन देने का फैसला किया गया. बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने की. विधेयक को संसद के 30 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष सत्र में पेश किए जाने की संभावना है.
DMK ने कहा कि उसका समर्थन तमिलनाडु के संसदीय प्रतिनिधित्व की सुरक्षा से जुड़ी शर्तों के साथ है. पार्टी के अनुसार, राज्य की लोकसभा सीटों में मौजूदा हिस्सेदारी कम नहीं की जानी चाहिए. साथ ही राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने की मांग की गई है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, संशोधित प्रस्ताव में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी को निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखने का प्रावधान शामिल है. DMK ने इसे तमिलनाडु के हितों की रक्षा के लिए अपने लंबे अभियान का परिणाम बताया है.
पार्टी ने अपने सांसदों से संसद के विशेष सत्र में मौजूद रहने और विधेयक पर समर्थन देने को कहा है.
