चेन्नई में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद DMK ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयकों का समर्थन करने का फैसला किया है. पार्टी ने कहा कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में हिस्सेदारी 7.18 प्रतिशत पर बनाए रखने की उसकी मांग को प्रस्तावित व्यवस्था में सुरक्षित रखा गया है.

DMK सांसद ए. राजा ने कहा कि पार्टी की लगातार मांग रही है कि तमिलनाडु की सीट हिस्सेदारी में कमी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने संकेत दिया कि विधेयकों में कुछ प्रक्रियात्मक मुद्दों पर संशोधन की जरूरत पड़ सकती है.

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 27 नवंबर को संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी थी. प्रस्तावित संवैधानिक बदलावों का संबंध लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने तथा सीटों की संख्या बढ़ाने से है.

विशेष संसद सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा. इस मुद्दे पर DMK का रुख कांग्रेस से अलग है. पार्टी नेता दयानिधि मारन ने कांग्रेस की रणनीति पर सवाल उठाए, जबकि कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पहले DMK के फैसले को भाजपा के पक्ष में जाने वाला कदम बताया था.