DMK महासचिव दुरैमुरुगन ने अपनी पोती के वैदिक रीति-रिवाजों से हुए विवाह पर खेद जताया है. उन्होंने कहा कि उनकी पोती विदेश में पढ़ी है और वह दूसरे समुदाय के युवक से विवाह करना चाहती थी. उसकी इच्छा के अनुसार विवाह वैदिक विधि से कराया गया.
दुरैमुरुगन ने लोगों से इस मामले को राजनीतिक विवाद न बनाने की अपील की. उनका यह बयान विवाह समारोह में संस्कृत मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठानों को लेकर उठी आलोचनाओं के बाद आया है.
द्रविड़ विचारधारा पर उठे सवाल
द्रविड़र कड़गम अध्यक्ष के. वीरमणि ने समारोह पर आपत्ति जताते हुए कहा कि DMK तर्कवाद और आत्मसम्मान विवाह की परंपरा पर जोर देती है. उन्होंने सवाल उठाया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता के परिवार में पुरोहितों और वैदिक मंत्रों के साथ हुआ विवाह इन सिद्धांतों के अनुरूप कैसे है.
सेंथामराई का विवाह 1 नवंबर को चेन्नई में हुआ था. वह DMK सांसद डी.एम. कथिर आनंद की बेटी हैं. समारोह में MK स्टालिन समेत कई राजनीतिक और फिल्मी हस्तियों के शामिल होने की खबर है.
