तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और TVK प्रमुख विजय ने करूर भगदड़ की पहली बरसी पर हादसे में जान गंवाने वाले 41 लोगों को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि यह त्रासदी ऐसा घाव है, जो भरता नहीं और जिसका दर्द कम नहीं होता.

27 सितंबर 2025 को करूर जिले के वेलुस्वामिपुरम में TVK की राजनीतिक रैली के दौरान विजय को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे. इसी दौरान भीड़ का दबाव बढ़ गया और भगदड़ मच गई. हादसे में 41 लोगों की मौत हुई, जबकि कई अन्य घायल हुए थे.

विजय ने सोशल मीडिया पर लिखे संदेश में कहा कि 27 सितंबर का दिन पीड़ित परिवारों, समर्थकों और TVK परिवार के जीवन में हमेशा दर्ज रहेगा. उन्होंने शोक में डूबे परिवारों के दुख को “अकथनीय पीड़ा” बताया और कहा कि जिन लोगों को खोया गया, उनकी स्मृति हमेशा जीवित रहेगी.

उन्होंने यह भी कहा कि अपनों को खोने वाले लोगों के लिए एक-दूसरे का सहारा, समर्थन और आश्रय बनना जरूरी है. अपने संदेश के अंत में विजय ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी.

CBI कर रही मामले की जांच

हादसे के बाद तमिलनाडु सरकार ने विशेष जांच दल गठित किया था. बाद में सुप्रीम कोर्ट ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी. अदालत ने स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की जरूरत बताई थी.

CBI कार्यक्रम की अनुमति, भीड़ प्रबंधन, पुलिस तैनाती और आपातकालीन प्रतिक्रिया समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है. एजेंसी ने TVK के कई पदाधिकारियों से पूछताछ की है. मामले में CBI ने विजय को भी पेश होने के लिए समन भेजा था.