केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने मंत्री पद और राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में दोनों जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया.

मुरुगन ने कहा कि वह तमिलनाडु लौटकर भाजपा को जमीनी स्तर पर मजबूत करना चाहते हैं. उनका लक्ष्य पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ काम करना और 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में संगठन का विस्तार करना है.

उन्होंने अपने पत्र में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार में सेवा करने को अपने जीवन का बड़ा सम्मान बताया. मुरुगन ने यह भी कहा कि वह तमिलनाडु के गांवों और इलाकों में जाकर लोगों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करना चाहते हैं.

एल. मुरुगन तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं. वह 2021 में पहली बार राज्यसभा पहुंचे थे और 2024 में मध्य प्रदेश से दूसरे कार्यकाल के लिए चुने गए थे. उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं.