मद्रास हाई कोर्ट ने तमिलनाडु की अंबासमुद्रम और पेरुंदुरई विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराने का रास्ता साफ कर दिया है. अदालत ने इन दोनों सीटों के संबंध में लगी रोक हटा दी और निर्वाचन आयोग को आगे की प्रक्रिया शुरू करने की अनुमति दी.

हालांकि, तिरुचि ईस्ट, करूर और विरालिमलाई विधानसभा सीटों पर उपचुनाव फिलहाल नहीं होंगे. इन सीटों से जुड़े चुनाव विवादों पर अदालत में याचिकाएं लंबित हैं. हाई कोर्ट ने कहा कि संबंधित चुनाव याचिकाओं के निपटारे के बाद निर्वाचन आयोग इन सीटों पर चुनाव कराने पर निर्णय ले सकता है.

मुख्य न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन की पीठ ने कहा कि जब किसी सीट के निर्वाचित प्रतिनिधि को चुनौती देने वाली चुनाव याचिका लंबित हो, तब उसी सीट को उपचुनाव के जरिए भरना संवैधानिक जटिलता पैदा कर सकता है. अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि तीन सीटों पर रोक संबंधित चुनाव याचिकाओं के फैसले तक ही प्रभावी रहेगी.