मद्रास हाईकोर्ट ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को तमिलनाडु में 128 स्थानों पर रूट मार्च और उसके बाद जनसभाएं आयोजित करने की अनुमति दे दी है. अदालत ने राज्य पुलिस को इन आयोजनों के लिए अनुमति जारी करने का निर्देश दिया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कार्यक्रम 25 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित किए जाने हैं. RSS के राज्य सचिव वी. जगदीशन ने पुलिस की ओर से अनुमति नहीं दिए जाने के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया था.

न्यायमूर्ति वी. लक्ष्मीनारायणन ने आयोजकों के उस आश्वासन को दर्ज किया कि वे रूट मार्च और जनसभाओं के संबंध में हाईकोर्ट की पहले से तय ‘क्या करें और क्या न करें’ वाली गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करेंगे. अदालत ने नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.

सुनवाई के दौरान अदालत ने यह भी कहा कि प्रस्तावित मार्ग पर मस्जिद या चर्च की मौजूदगी अकेले अनुमति रोकने का आधार नहीं हो सकती. पुलिस और आयोजकों—दोनों को अदालत के दिशा-निर्देशों तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी शर्तों का पालन करना होगा.