चेन्नई: मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु में सड़कों, गलियों और स्थानीय क्षेत्रों के नामों से जातिसूचक संबोधन हटाने के निर्देशों के अनुपालन की निगरानी के लिए स्वतः संज्ञान वाली जनहित याचिका शुरू की है. मुख्य न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन की प्रथम पीठ ने राज्य सरकार को चार सप्ताह के भीतर स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है.

रिपोर्ट में अब तक हटाए गए जातिसूचक संदर्भों और लंबित नामों का विवरण देना होगा. यह कार्यवाही न्यायमूर्ति एन. रमेश के 11 अगस्त 2026 के आदेश के बाद शुरू हुई, जिसमें रजिस्ट्री को मामले को “In Re: Caste-Based Names of Streets, Roads and Localities in Tamil Nadu” शीर्षक से स्वतः संज्ञान प्रकरण के रूप में मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखने को कहा गया था.

अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार, तमिलनाडु सरकार ने 1978 में भी सड़कों और स्थानीय क्षेत्रों के नामों से जाति-संदर्भ हटाने का निर्देश दिया था. अक्टूबर 2025 के नए दिशा-निर्देशों में स्थानीय निकायों को जाति-आधारित नामों की पहचान कर उनका नाम बदलने को कहा गया. न्यायमूर्ति रमेश के आदेश में यह भी दर्ज है कि ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन ने करीब 3,400 सड़कों को जांच के लिए चिन्हित किया था. मदुरै पीठ पहले ही सरकारी कदम को चुनौती देने वाली याचिका में नाम बदलने की प्रक्रिया के पक्ष में फैसला सुना चुकी है.