मद्रास हाई कोर्ट ने तमिलनाडु में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के रूट मार्च को अनुमति नहीं दिए जाने पर राज्य सरकार और पुलिस से सवाल किया है. न्यायमूर्ति वी. लक्ष्मीनारायणन ने सुनवाई के दौरान पूछा कि हर साल अनुमति क्यों रोकी जाती है और सरकार को किस बात का डर है.
अदालत RSS सदस्य वी.जी. जगदीसन की याचिका पर सुनवाई कर रही थी. याचिका में 18 अक्टूबर, 25 अक्टूबर या 1 नवंबर को मार्च निकालने की अनुमति देने का अनुरोध किया गया है. प्रस्तावित कार्यक्रम में RSS की वर्दी पहने स्वयंसेवकों का मार्च, बैंड और उसके बाद सार्वजनिक सभा शामिल है.
याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एन.एल. राजाह ने कहा कि संगठन को हर वर्ष अनुमति के लिए अदालत का रुख करना पड़ता है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि छोटे संगठनों के पास न्यायिक प्रक्रिया अपनाने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं होते.
राज्य के महाधिवक्ता विजय नारायण ने कहा कि प्रस्तावित स्थल सार्वजनिक सभाओं के लिए अधिसूचित नहीं है और त्योहारी मौसम में जुलूस से लोगों को असुविधा हो सकती है. अदालत ने दोनों पक्षों को समाधान तलाशने को कहा और मामले की सुनवाई 15 अक्टूबर तक टाल दी.
