मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 128 पथ संचलन और उसके बाद होने वाली जनसभाओं को अनुमति देने का निर्देश दिया है. आयोजन 25 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को अलग-अलग हिस्सों में प्रस्तावित हैं.
अदालत के निर्देश के अनुसार, उत्तरी जिलों में 25 अक्टूबर और दक्षिणी जिलों में 1 नवंबर को कार्यक्रम कराए जाने हैं. पुलिस को आयोजकों के साथ समन्वय कर 19 अक्टूबर तक मार्ग, समय, प्रतिभागियों और जनसभा से जुड़ी अन्य जानकारी तय करने को कहा गया है.
पुलिस की आपत्तियों पर अदालत की टिप्पणी
RSS की याचिका पर सुनवाई के दौरान पुलिस ने मार्ग में मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों की मौजूदगी, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी आपत्तियां उठाई थीं. अदालत ने कहा कि मस्जिद या चर्च की मौजूदगी को अनुमति से इनकार करने का आधार नहीं बनाया जा सकता.
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि आयोजकों को पहले से तय ‘डूज एंड डोंट्स’ और स्थानीय पुलिस प्रशासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करना होगा. मामले में RSS के राज्य सचिव वी. जी. जगदीसन ने अनुमति के लिए याचिका दायर की थी.
