चेन्नई: मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के रूट मार्च को अनुमति नहीं देने के मामले में पुलिस से सवाल किया है. बुधवार को हुई सुनवाई में कोर्ट ने पूछा कि जब जम्मू-कश्मीर में RSS मार्च की अनुमति दी जा सकती है, तो तमिलनाडु में हर साल अनुमति क्यों रोकी जाती है.
जस्टिस वी. लक्ष्मीनारायणन ने सुनवाई के दौरान कहा कि सरकार नागरिकों को दुश्मन की तरह क्यों देख रही है. उन्होंने यह भी पूछा कि RSS के मार्च को अनुमति देने में सरकार को किस बात का डर है. कोर्ट ने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करने की मांग करने वाले नागरिकों के प्रति राज्य के रवैये पर चिंता जताई.
यह सुनवाई RSS सदस्य वीजी जगदीशन की याचिका पर हुई. याचिका में 18 अक्टूबर, 25 अक्टूबर, 1 नवंबर या किसी अन्य तारीख को मार्च निकालने की अनुमति मांगी गई है. कोर्ट ने कहा कि RSS दशहरा के दिन अपना स्थापना दिवस मनाता है और संगठन इसी अवसर पर रूट मार्च निकालना चाहता है.
राज्य ने पुलिस बल और सार्वजनिक व्यवस्था का तर्क दिया
राज्य सरकार की ओर से एडवोकेट जनरल ने कहा कि मार्च की अनुमति देने पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती करनी होगी. त्योहारों के दौरान पुलिस पहले से अन्य जिम्मेदारियों में व्यस्त रहती है. सरकार ने यह भी कहा कि जुलूस से खरीदारी करने आए लोगों और आम जनता को परेशानी हो सकती है.
राज्य की ओर से RSS से जुड़े पुराने आपराधिक मामलों का उल्लेख किए जाने पर जस्टिस लक्ष्मीनारायणन ने मार्च के कारण हुई हिंसा के ठोस उदाहरण मांगे. RSS की ओर से वरिष्ठ वकील एनएल राजा ने कहा कि पुलिस हर साल अनुमति से इनकार करती है और संगठन को अदालत का रुख करना पड़ता है. उनके अनुसार, 2024 में भी अनुमति नहीं दी गई थी.
राज्य ने यह तर्क भी दिया कि प्रस्तावित स्थल सार्वजनिक सभा के लिए अधिसूचित नहीं है. कोर्ट ने याचिकाकर्ता पक्ष के पांच सदस्यों को पब्लिक प्रॉसिक्यूटर से मिलकर शांतिपूर्ण आयोजन का समाधान निकालने को कहा. मामले की अगली सुनवाई गुरुवार को होगी.
