मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु विधानसभा के स्पीकर जेसीडी प्रभाकर द्वारा छह AIADMK विधायकों के इस्तीफे स्वीकार किए जाने के फैसले को बरकरार रखा है. अदालत ने साथ ही निर्देश दिया कि इन विधायकों के खिलाफ लंबित अयोग्यता कार्यवाही दो महीने के भीतर पूरी की जाए.

मुख्य न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन की पीठ ने कहा कि इस्तीफे वास्तविक और स्वैच्छिक थे. अदालत के अनुसार, इस्तीफे की मंशा की विस्तृत या व्यापक जांच करना स्पीकर के लिए जरूरी नहीं था.

इन विधायकों पर AIADMK के व्हिप का उल्लंघन कर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार के विश्वास मत के पक्ष में मतदान करने का आरोप है. इस्तीफे के बाद सभी विधायक TVK में शामिल हो गए थे.

अदालत ने स्पष्ट किया कि इस्तीफा स्वीकार किए जाने से संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत चल रही अयोग्यता कार्यवाही समाप्त नहीं होती. छह विधायकों में मरागथम कुमारवेल, सत्यभामा, इसाक्की सुब्बाया, जयकुमार, एमआर विजयभास्कर और सी. विजयभास्कर शामिल हैं. मरागथम कुमारवेल और सत्यभामा हाल में TVK के टिकट पर फिर विधानसभा पहुंचे हैं.