तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले के नागरकोइल रेलवे यार्ड में 54 वर्षीय महिला का शव खाली रेलवे कोच से मिला. पुलिस के अनुसार, महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. शव 13 नवंबर की आधी रात उस समय मिला, जब कोच की सफाई की जा रही थी. इस कोच को दूसरी ट्रेन में इस्तेमाल किया जाना था.
रेलवे पुलिस ने महिला की पहचान उसके हाथ में मिली सांप के डिजाइन वाली सोने की अंगूठी से की. अंगूठी पर दर्ज हॉलमार्क के आधार पर पुलिस पहले गुजरात के विक्रेता तक पहुंची. विक्रेता ने बताया कि अंगूठी छत्तीसगढ़ के रायपुर के एक ज्वेलरी रिटेलर को भेजी गई थी. इसके बाद पुलिस ने अंगूठी खरीदते समय दर्ज महिला की PAN डिटेल्स और मध्य प्रदेश का पता हासिल किया. इसी जानकारी के आधार पर उसके परिवार से संपर्क हो सका.
पुलिस के मुताबिक, महिला अपने कस्बे से करीब तीन महीने से लापता थी. उसके पति और बच्चे नागरकोइल के लिए रवाना हो गए हैं.
जांच के दौरान रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज में सफेद कपड़े पहना एक व्यक्ति को कोच से बाहर निकलते देखा गया. पुलिस ने शुरुआत में तीन संदिग्धों पर ध्यान केंद्रित किया था. पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने उसे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर घूमने वाला भिखारी बताया है. जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी महिला से पहले भी मिल चुका था और उसे खाली कोच में ले गया था.
पुलिस ने आरोपी की खून से सनी शर्ट बरामद करने की बात कही है. शर्ट एक गड्ढे में फेंकी गई थी. जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी ने अपराध कबूल किया है और महिला पर हाथों से हमला करने तथा छाती पर लात मारने की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि हमले में किसी हथियार का इस्तेमाल नहीं हुआ.
महिला का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, इससे मौत की वजह और दुष्कर्म की पुष्टि से जुड़े तथ्य स्पष्ट होंगे. शुरुआती जांच में पसलियों में फ्रैक्चर मिला है. तमिलनाडु रेलवे के DGP के. वन्निया पेरुमल ने जांच टीम की कार्रवाई की सराहना की और कहा कि आरोपी को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया.
